
मुंबई। साल 2001 में रिलीज हुई एक्टर अनिल कपूर की पॉलिटिकल ड्रामा फिल्म ‘नायक’ भले ही बॉक्स ऑफिस पर औसत रही हो, लेकिन समय के साथ यह फिल्म दर्शकों के बीच एक कल्ट क्लासिक बन चुकी है। अब इस चर्चित फिल्म को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म की रिलीज के करीब 25 साल बाद अनिल कपूर ने ‘नायक’ के राइट्स खरीद लिए हैं। माना जा रहा है कि इसके साथ ही फिल्म के सीक्वल की संभावनाएं भी मजबूत हो गई हैं। हालांकि, इस बारे में अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
गौरतलब है कि नायक का निर्माण मूल रूप से ए.एस. रत्नम ने किया था। बाद में फिल्म के राइट्स निर्माता दीपक मुकुट के पास चले गए थे, जिन्हें अब अनिल कपूर ने हासिल कर लिया है। फिल्म में अनिल कपूर के साथ रानी मुखर्जी नजर आई थीं और इसमें एक आम आदमी के मुख्यमंत्री बनने की कहानी को प्रभावशाली अंदाज में दिखाया गया था।
फिल्म के डायलॉग, कहानी और अनिल कपूर की दमदार अदाकारी आज भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय है। ऐसे में अगर नायक का सीक्वल बनता है, तो यह अनिल कपूर के फैंस के लिए एक बड़ी सौगात साबित हो सकता है।




