September 4, 2026

छत्तीसगढ़ में पोस्टर वॉर तेज, BJP-कांग्रेस ने कार्टून के जरिए साधा निशाना; ‘कुर्सी दंगल’ पर सियासत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच पोस्टर वॉर तेज हो गया है। भाजपा और कांग्रेस एक-दूसरे पर निशाना साधने के लिए सोशल मीडिया पर कार्टून पोस्टर जारी कर रहे हैं। इसी कड़ी में भाजपा ने कांग्रेस के संगठनात्मक विवाद और ‘कुर्सी दंगल’ पर तंज कसते हुए कार्टून पोस्टर जारी किया, जिसके जवाब में कांग्रेस ने भी पोस्टर जारी कर पलटवार किया है।

BJP ने ‘कुर्सी दंगल’ पर कसा तंज

भाजपा की ओर से सोशल मीडिया पर जारी पोस्टर में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं को कार्टून के जरिए दिखाया गया है। पोस्ट के जरिए कांग्रेस संगठन में अध्यक्ष पद को लेकर चल रही कथित खींचतान पर निशाना साधा गया।

भाजपा ने पोस्ट के साथ लिखा— “अउ नहीं सहिबो, बदल के रहीबो” और इसे ‘कुर्सी दंगल’ का नाम दिया।

कांग्रेस ने भी BJP को दिया जवाब

भाजपा के पोस्टर के बाद कांग्रेस ने भी सोशल मीडिया पर कार्टून पोस्टर जारी कर पलटवार किया। कांग्रेस ने भी अपने पोस्ट में वही लाइन लिखी— “अउ नहीं सहिबो, बदल के रहीबो” और ‘कुर्सी दंगल’ का जिक्र किया।

एक ही कैप्शन, अलग-अलग कार्टून

इस पोस्टर वॉर की सबसे दिलचस्प बात यह रही कि भाजपा और कांग्रेस दोनों ने एक जैसे कैप्शन का इस्तेमाल किया, लेकिन दोनों के कार्टून में प्रदेश के बड़े नेताओं को अलग-अलग अंदाज में दिखाया गया है।

सोशल मीडिया पर जारी इन पोस्टरों के जरिए दोनों दलों के बीच राजनीतिक बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला और तेज होता नजर आ रहा है।