कोरबा बाउंड्रीवॉल हादसा: मंत्री लखनलाल देवांगन ने शोक संतप्त परिवार से मिल जताई संवेदना
कोरबा। नगर विधायक एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन रविवार देर शाम संजय नगर वार्ड स्थित लक्ष्मणबन बस्ती पहुंचे और बाउंड्रीवॉल गिरने की घटना में मृत मासूम के परिजनों से मिलकर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।

दो दिन पूर्व बस्ती में बाउंड्रीवॉल ढहने से 4 वर्षीय धनेश कर्ष (पिता मुकेश कर्ष) की दबने से दर्दनाक मौत हो गई थी। वहीं सोनू कर्ष (20 वर्ष) और विशाल यादव (18 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
मंत्री देवांगन ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली। इसके बाद पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
उन्होंने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर मामले की सूक्ष्म जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस दौरान महापौर संजू देवी राजपूत, भोलू यादव, पार्षद नरेंद्र देवांगन, मंडल अध्यक्ष योगेश मिश्रा एवं राकेश नागरमल अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।





