March 3, 2026

नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने ग्रामीण को कुचला, मौके पर मौत; आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

बिलासपुर। जिले के नेशनल हाईवे-130 पर रतनपुर–पाली बॉर्डर के पास तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से एक ग्रामीण की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।

घटना से नाराज ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर करीब 6 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। जाम के कारण दोपहिया वाहन चालकों सहित यात्री बसों और कारों में सफर कर रहे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही से पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश जारी है। ग्रामीण मृतक के परिजनों को मुआवजा और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग कर रहे हैं।