कोरबा। कोरबा जिले के रामपुर स्थित शराब दुकान को बरबसपुर मुख्य मार्ग पर स्थानांतरित कर नई दुकान शुरू करने की तैयारी का शुक्रवार को स्थानीय महिलाओं ने जोरदार विरोध किया। निरीक्षण के लिए पहुंची आबकारी विभाग की टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाएं मौके पर धरने पर बैठ गईं और शराब दुकान खोले जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग रामपुर शराब भट्टी को बरबसपुर मुख्य मार्ग पर शिफ्ट करने की प्रक्रिया में है। इसी सिलसिले में विभागीय अधिकारी निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। टीम के पहुंचते ही आसपास की महिलाएं बड़ी संख्या में एकत्रित हो गईं और शराब दुकान के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं के समर्थन में प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर भी मौके पर पहुंचे और आंदोलन में शामिल होकर स्थानीय लोगों की मांग का समर्थन किया।
विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन को भी सूचना दी गई, जिसके बाद तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की।
गौरतलब है कि रामपुर शराब भट्टी को हटाने की मांग लंबे समय से उठ रही है। स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों द्वारा पहले भी कई बार विरोध प्रदर्शन किए जा चुके हैं। क्षेत्र में शराब दुकान को लेकर मारपीट और विवाद की घटनाएं भी सामने आती रही हैं। ऐसे में नई जगह शराब दुकान खोले जाने के विरोध ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है।





