रायगढ़। जिले के लोईंग स्थित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक शाखा में रविवार रात भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे बैंक परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। बैंक किराए के मकान में संचालित हो रहा था, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों ने बैंक से धुआं निकलता देख तुरंत इसकी सूचना दी, जिसके बाद बैंक प्रबंधन, पुलिस और फायर ब्रिगेड को घटना की जानकारी दी गई। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बैंक का बड़ा हिस्सा जल चुका था।
घटना चक्रधरनगर थाना क्षेत्र की है। रात करीब 9:30 बजे बैंक परिसर से धुआं उठते देख मकान मालिक और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बैंक प्रबंधक कुणाल कुमार ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। आग से बैंक के कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, कंप्यूटर सिस्टम और रिकॉर्ड जलकर नष्ट हो गए हैं।
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल बैंक की तिजोरी को लेकर बना हुआ है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि तिजोरी सुरक्षित है या आग की चपेट में आई है। बैंक प्रबंधन और पुलिस द्वारा स्थिति का आकलन किया जा रहा है।
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और भवन में रहने वाले सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए हैं। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।





