January 16, 2026

रायपुर: वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर ऐतिहासिक आयोजन

15 जनवरी को 5 लाख विद्यार्थी एक साथ करेंगे सामूहिक गायन

रायपुर। वंदे मातरम् गीत की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर रायपुर लोकसभा क्षेत्र में भव्य और ऐतिहासिक आयोजन किया जा रहा है। 15 जनवरी को दोपहर 12:55 बजे रायपुर लोकसभा क्षेत्र के करीब 5 लाख विद्यार्थी और युवा एक साथ सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन करेंगे।

इस कार्यक्रम में रायपुर लोकसभा क्षेत्र के 3000 से अधिक स्कूल और कॉलेजों के विद्यार्थी शामिल होंगे। वहीं मुख्य आयोजन सुभाष स्टेडियम में होगा, जहां करीब 20 हजार युवा एक साथ वंदे मातरम् का गायन करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीतों पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी। इसके साथ ही आयोजन को यादगार बनाने के लिए हेलीकॉप्टर से फूलों की वर्षा की जाएगी।

आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक होगा, जिसमें युवाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिलेगी।