July 23, 2026

भिलाई में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, दो युवकों की मौत, कार से शराब की बोतलें बरामद

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

तड़के 4 बजे हुआ हादसा

घटना भिलाई नगर थाना क्षेत्र के सेंट्रल एवेन्यू मार्ग स्थित गुंडिचा मंडप के सामने की है। मृतकों की पहचान दीपक गुप्ता और कौशिक दास के रूप में हुई है, जो सेक्टर-6 भिलाई के निवासी थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब 4 बजे उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।

कार के उड़ गए परखच्चे

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कार से शराब की बोतलें बरामद

पुलिस को दुर्घटनाग्रस्त कार से शराब की बोतलें भी मिली हैं। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि हादसे के समय चालक शराब के नशे में था या नहीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद दुर्घटना के कारणों का खुलासा हो सकेगा।