नई दिल्ली। 2 अप्रैल का दिन इतिहास में कई महत्वपूर्ण घटनाओं के लिए दर्ज है। इस दिन जहां दुनिया के विमानन इतिहास में एक चौंकाने वाली घटना हुई, वहीं भारत ने क्रिकेट जगत में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की।
साल 1986 में 2 अप्रैल को अमेरिका की विमानन कंपनी टीडब्ल्यूए के बोइंग 727 विमान में एक सीट के नीचे रखा बम हवा में फट गया। धमाके के कारण विमान में बड़ा सुराख हो गया और वहां बैठे चार यात्री हवा के दबाव से बाहर गिर गए। हालांकि, पायलट की सूझबूझ से विमान को सुरक्षित एथेंस में उतार लिया गया, जिससे बाकी यात्रियों की जान बच गई।
भारत के लिए यह दिन खास इसलिए भी है क्योंकि 2011 में आज ही के दिन भारतीय क्रिकेट टीम ने दूसरी बार क्रिकेट विश्व कप जीतकर इतिहास रच दिया था। इस जीत ने 1983 की यादों को फिर से ताजा कर दिया।
2 अप्रैल की प्रमुख घटनाएं:
- 1679: मुगल बादशाह औरंगजेब ने हिंदुओं पर जजिया कर फिर से लागू किया।
- 1902: लॉस एंजिलिस में पहला मोशन पिक्चर थिएटर खोला गया।
- 1902: हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत के महान गायक बड़े गुलाम अली खां का जन्म।
- 1912: टाइटैनिक का समुद्री परीक्षण शुरू हुआ।
- 1933: भारतीय क्रिकेट के जनक माने जाने वाले रणजीत सिंह का निधन।
- 1970: असम पुनर्गठन अधिनियम के तहत मेघालय को स्वायत्तशासी राज्य का दर्जा मिला।
- 1982: अर्जेंटीना ने फॉकलैंड द्वीप समूह पर हमला किया।
- 1986: बोइंग विमान में हवा में बम धमाका, चार यात्री बाहर गिरे।
- 1997: सुमिता सिन्हा ने 3200 किलोग्राम वजन का ट्रक अपने ऊपर से गुजरवाकर रिकॉर्ड बनाया।
- 2005: पोप जॉन पॉल द्वितीय का निधन।
- 2011: भारत ने दूसरी बार क्रिकेट विश्व कप जीता।
- 2020: दुनिया में कोरोना संक्रमितों की संख्या 10 लाख के करीब पहुंची।





