रायपुर। राजधानी रायपुर के माना कैंप स्थित शूटिंग रेंज में शनिवार को 25वीं छत्तीसगढ़ राज्य शूटिंग मीट का शुभारंभ हुआ। छत्तीसगढ़ प्रदेश राइफल एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में निशानेबाज हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में खिलाड़ी अपनी सटीक निशानेबाजी, एकाग्रता और खेल कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला उपस्थित रहे, जबकि विंग कमांडर विवेक कुमार साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए शूटिंग जैसे अनुशासन, धैर्य और एकाग्रता वाले खेल को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग के साथ विभिन्न आयु वर्गों की स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे खिलाड़ी 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर राइफल एवं पिस्टल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रतियोगिता की प्रमुख स्पर्धाओं में 10 मीटर एयर राइफल, 10 मीटर एयर पिस्टल, 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल, स्टैंडर्ड पिस्टल, सेंटर फायर पिस्टल तथा 50 मीटर राइफल प्रोन और 3 पोजीशन मुकाबले शामिल हैं। शूटिंग रेंज में खिलाड़ी पूरी एकाग्रता के साथ लक्ष्य साधते नजर आए, जहां प्रत्येक शॉट के साथ प्रतिस्पर्धा रोमांचक होती दिखी।
आयोजन के दौरान खिलाड़ियों के लिए अभ्यास एवं प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले निशानेबाजों का चयन आगामी जोनल प्रतियोगिताओं और प्रतिष्ठित जी.वी. मावलंकर शूटिंग चैंपियनशिप के लिए किया जाएगा।





