रायपुर।
छत्तीसगढ़ प्रदेश राइफल एसोसिएशन (CGPRA) के तत्वावधान में 25वीं छत्तीसगढ़ राज्य शूटिंग मीट का आयोजन अब 11 जुलाई से रायपुर के माना कैंप शूटिंग रेंज में किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रदेशभर के निशानेबाज 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर राइफल एवं पिस्टल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
यह प्रतियोगिता पहले 8 जुलाई से आयोजित होनी थी, लेकिन क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश और प्रतिकूल मौसम को देखते हुए आयोजन की तिथि बदल दी गई। एसोसिएशन ने बताया कि प्रतिभागियों और अधिकारियों की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 12 जुलाई को प्रतिभागी निशानेबाजों के लिए प्रशिक्षण एवं अभ्यास सत्र आयोजित किया जाएगा। इसके तुरंत बाद विभिन्न स्पर्धाओं के मुकाबले शुरू होंगे।
छत्तीसगढ़ प्रदेश राइफल एसोसिएशन ने उम्मीद जताई है कि संशोधित कार्यक्रम के तहत बड़ी संख्या में निशानेबाज प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे और राज्य स्तरीय शूटिंग मीट का सफल आयोजन होगा।





