September 6, 2026

Bilaspur News Update: 23 संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक डिटेंशन सेंटर भेजे गए, खपरगंज बवाल में 4 और आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में अवैध अप्रवासियों और बिना वैध दस्तावेजों के रह रहे संदिग्ध विदेशी नागरिकों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिरगिट्टी क्षेत्र में रह रहे 23 संदिग्ध व्यक्तियों को प्राथमिक सत्यापन के बाद रायपुर स्थित होल्डिंग सह डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया है। दस्तावेजों और नागरिकता के अंतिम सत्यापन के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

राज्य शासन द्वारा अवैध रूप से रह रहे अनधिकृत व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें उनके मूल देश भेजने के संबंध में सख्त निर्देश जारी किए गए थे। इसके बाद बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह ने विशेष टास्क फोर्स (एसटीएफ) का गठन किया।

पश्चिम बंगाल तक पहुंची पुलिस की टीम

इस विशेष अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रश्मिता कौर चावला को सौंपा गया। उनके साथ सात वरिष्ठ थाना निरीक्षकों की विशेष टीम भी तैनात की गई।

पश्चिम बंगाल से मिली खुफिया जानकारी और प्रारंभिक जांच के आधार पर सिरगिट्टी क्षेत्र में रह रहे 23 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पहचान और नागरिकता संबंधी दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने तक सभी को 4 सितंबर 2026 को कड़ी सुरक्षा के बीच रायपुर स्थित होल्डिंग/डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया।

जांच को आगे बढ़ाते हुए बिलासपुर पुलिस की विशेष टीम पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और जंगीपुर जिलों तक पहुंची। स्थानीय पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर संदिग्धों के दस्तावेजों और पहचान संबंधी जानकारी का सत्यापन कराया गया।

पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति बिना वैध दस्तावेजों के रह रहा हो तो इसकी सूचना पुलिस को दें। इसके लिए टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905 जारी किया गया है। पुलिस ने सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने का आश्वासन दिया है।

खपरगंज बवाल मामले में चार और आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। खपरगंज में दो पक्षों के बीच हुए विवाद और पथराव के मामले में पुलिस ने दूसरे पक्ष के फरार चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को शहर में पैदल मार्च कराने के बाद न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में अक्षय सिंह, अभय शर्मा उर्फ जीनू, मोहनिश गोस्वामी उर्फ सोनू और सतानंद साहू शामिल हैं।

28 अगस्त की रात खपरगंज में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद पथराव और हिंसक झड़प हुई थी। इससे पहले दूसरे पक्ष के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं दूसरे गुट से मास्टरमाइंड सोहेल खान सहित 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।

इस तरह पुलिस अब तक दोनों पक्षों के कुल 24 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

पुलिस ने कोतवाली चौक से गोलबाजार, सदरबाजार और सिम्स तिराहा मार्ग होते हुए चारों आरोपियों का पैदल मार्च कराया। पुलिस का कहना है कि शहर की शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। मामले के एक अन्य फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

अकलतरा में जलभराव को लेकर प्रदर्शन आज

अकलतरा। नगर के वार्ड क्रमांक 11 में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या को लेकर वार्डवासी आंदोलन करेंगे। वार्ड पार्षद शेख सीतारा मनोज टंडन के नेतृत्व में 6 सितंबर को सुबह 8 बजे से यादव भवन के पास धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

वार्डवासियों का आरोप है कि नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण बारिश और नाली का गंदा पानी सड़क पर जमा रहता है। इससे स्कूली बच्चों और आम लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है।

लोगों ने जलनिकासी, नालियों की सफाई और सड़क निर्माण की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। जलभराव के कारण आसपास के घरों में गंदा पानी घुसने और मच्छरों के प्रकोप से बीमारियों का खतरा बढ़ने की भी आशंका जताई गई है।

वेज बिरयानी में कथित तौर पर निकला चिकन और हड्डी का टुकड़ा

रायगढ़। शहर के शहीद चौक स्थित एक रेस्टोरेंट में भोजन की शुद्धता को लेकर गंभीर शिकायत सामने आई है। एक ग्राहक ने आरोप लगाया है कि उसे ऑर्डर की गई वेज बिरयानी में कथित तौर पर चिकन और हड्डी का टुकड़ा मिला।

ग्राहक आशुतोष सिंह ने मामले की लिखित शिकायत कोतवाली थाना में दर्ज कराई है। उनका कहना है कि वे पूरी तरह शाकाहारी हैं और इस घटना से उनकी धार्मिक और व्यक्तिगत भावनाएं आहत हुई हैं।

शिकायतकर्ता के अनुसार, आपत्ति जताने पर रेस्टोरेंट प्रबंधन ने गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी। हालांकि ग्राहक ने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने खाद्य विभाग और कलेक्टर से भी शिकायत करने की बात कही है।

मटका बांधने के दौरान करंट से झुलसे युवक की मौत

बिलासपुर। जन्माष्टमी की तैयारियों के दौरान करंट की चपेट में आए 19 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा राजीव गांधी चौक, जरहाभाठा क्षेत्र का है।

मृतक की पहचान रेहान खान (19 वर्ष) निवासी कुम्हारपारा, राजीव गांधी चौक के रूप में हुई है। बताया गया कि वह जन्माष्टमी के लिए स्वागत द्वार के ऊपर चढ़कर मटका बांधने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज बिजली लाइन की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से झुलस गया।

घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो दिनों तक इलाज के बाद शनिवार तड़के करीब 3:50 बजे उसने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसे ने बिजली लाइनों के आसपास सजावट और ऊंचाई पर किए जाने वाले कार्यों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।