May 13, 2026

नौकरी का झांसा देकर झारखंड ले जाई गईं 35 युवतियां, बंधक बनाकर काम कराने का आरोप, प्रशासन अलर्ट

कांकेर। नौकरी दिलाने का झांसा देकर झारखंड ले जाकर छत्तीसगढ़ की 35 युवतियों को बंधक बनाकर काम कराने का मामला सामने आया है। एक युवती द्वारा मोबाइल संदेश के जरिए मदद मांगने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस हरकत में आए और संबंधित जिले के अधिकारियों से संपर्क कर युवतियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, बंधक बनाए जाने वाली युवतियों में 15 कांकेर जिले की हैं, जबकि बाकी अन्य जिलों की बताई जा रही हैं। सभी युवतियों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर झारखंड ले जाया गया था। आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद उन्हें जबरन रोककर काम कराया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि दुर्गुकोंदल इलाके के खुटगांव की एक युवती ने अपने परिचित युवक को मोबाइल पर संदेश भेजकर पूरी आपबीती बताई। युवती ने बताया कि उसे और अन्य युवतियों को झारखंड के गढ़वा जिले में बंधक बनाकर रखा गया है। इसके बाद युवक ने मामले की जानकारी परिजनों और प्रशासन को दी।

मामले की सूचना मिलते ही प्रशासन ने गंभीरता से संज्ञान लिया और झारखंड के गढ़वा जिला प्रशासन से संपर्क कर खोजबीन शुरू कर दी है। परिजनों ने शासन-प्रशासन से बेटियों की सुरक्षित वापसी की मांग की है।

इस मामले में कलेक्टर नीलेश क्षीरसागर ने कहा कि जानकारी मिली है कि कांकेर और अन्य जिलों की युवतियां नर्सिंग व अन्य कार्य के लिए झारखंड गई थीं। शिकायत मिली है कि कुछ युवतियों को बंधक बनाया गया है। युवतियों को सकुशल वापस लाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस की टीम लगातार प्रयास कर रही है।

वहीं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि इस मामले में उनकी कलेक्टर से चर्चा हुई है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि कुछ युवतियां अपनी मर्जी से गई थीं, लेकिन उनमें से कुछ अब वापस आना चाहती हैं। प्रशासन की टीम युवतियों को वापस लाने के लिए काम कर रही है और जल्द आगे की कार्रवाई की जाएगी।