
दुर्ग। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में गिरोह के 5 मुख्य संचालकों और सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया है।
थाना सिटी कोतवाली में दर्ज प्रकरण की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और वित्तीय विश्लेषण के आधार पर इस नेटवर्क का खुलासा किया। इससे पहले इसी मामले में 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी, जिसके बाद गिरोह के ऊपरी स्तर तक पहुंचते हुए यह कार्रवाई की गई।
जांच में सामने आया कि आरोपी गोवा, रायपुर, दुर्ग समेत विभिन्न राज्यों से फर्जी सिम, म्यूल अकाउंट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे। वे व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम कॉल के माध्यम से संपर्क में रहते थे।
पुलिस के अनुसार गिरोह प्रतिदिन 10 से 15 लाख रुपये का लेन-देन करता था, जबकि आईपीएल सीजन के दौरान हर महीने 4 से 5 करोड़ रुपये का अवैध कारोबार किया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से लैपटॉप, मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक सहित बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और 2.70 लाख रुपये नगद जब्त किए हैं।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऑनलाइन सट्टा और साइबर अपराधों से दूर रहें तथा ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।





