दुर्ग। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) में स्थायी नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवक से 5 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी सैमुअल सातुम उर्फ आदि गुर्जर के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी दुर्गेश वर्मा वर्तमान में बीएसपी में निजी कंपनी के माध्यम से कंप्यूटर ऑपरेटर का काम करता है। वर्ष 2023 में उसकी मुलाकात आरोपी से हुई, जिसने खुद को बीएसपी अधिकारियों का करीबी बताते हुए स्थायी नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। आरोपी ने आधार कार्ड, पैन कार्ड, जाति और निवास प्रमाण पत्र सहित मूल दस्तावेज लेकर 6 लाख रुपए मांगे थे। प्रार्थी ने अलग-अलग किश्तों में रकम दी, लेकिन नौकरी नहीं मिली। बाद में आरोपी ने केवल 1 लाख रुपए लौटाए, जबकि 5 लाख रुपए वापस नहीं किए।
बोर्ड परीक्षा के कमजोर रिजल्ट पर शिक्षा विभाग सख्त
दुर्ग जिले में दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षा के कमजोर परिणाम के बाद शिक्षा विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग दुर्ग ने 30 प्रतिशत से कम रिजल्ट वाले स्कूलों, प्राचार्यों और संबंधित शिक्षकों का ब्यौरा मांगा है।
इसके पहले जिला शिक्षा अधिकारी ने उन स्कूलों को नोटिस जारी किया था, जिनका परिणाम पिछले वर्ष की तुलना में 15 प्रतिशत या उससे अधिक गिरा है। अब कमजोर प्रदर्शन के लिए स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों की जवाबदेही तय किए जाने की तैयारी है।
एलएलबी छात्रों ने हिंदी में उत्तर लिखने पर फेल करने का लगाया आरोप
हेमचंद यादव विश्वविद्यालय से संबद्ध एलएलबी प्रथम सेमेस्टर के छात्रों ने इंग्लिश लीगल लैंग्वेज विषय में हिंदी माध्यम से उत्तर लिखने पर फेल किए जाने का आरोप लगाया है। छात्रों ने कुलसचिव को ज्ञापन सौंपकर उत्तर पुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन कराने और हिंदी उत्तर स्वीकार करने की मांग की है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले की जांच के लिए रिव्यू कमेटी गठित की है। कुलसचिव भूपेंद्र कुलदीप के अनुसार बार काउंसिल ऑफ इंडिया के नियमों के मुताबिक इस विषय का उत्तर अंग्रेजी में लिखा जाना आवश्यक है।
जिले में शुरू हुआ ग्रीष्मकालीन खेल और क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर
जिला क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा पंडित रविशंकर स्टेडियम में 15 मई से 25 दिवसीय ग्रीष्मकालीन क्रिकेट शिविर शुरू किया जा रहा है। वहीं जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से 21 दिवसीय नि:शुल्क खेल प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किया जा रहा है, जिसमें हॉकी, फुटबॉल, कबड्डी, एथलेटिक्स, ताइक्वांडो समेत कई खेलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
बीएसपी ने अवैध कब्जों पर चलाया अभियान
भिलाई इस्पात संयंत्र के प्रवर्तन विभाग ने सेक्टर-6 सहित विभिन्न इलाकों में अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान चलाकर 37 कब्जे हटाए हैं। साथ ही मार्केट क्षेत्रों में करीब 5000 वर्गफीट क्षेत्र से अवैध निर्माण हटाया गया।
नाबालिग से दुष्कर्म के प्रयास में जवान गिरफ्तार
राजनांदगांव में आठवीं बटालियन में पदस्थ आरक्षक श्रवण भारती को नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
जनपद सदस्य की अग्रिम जमानत याचिका खारिज
छुईखदान में महिला अधिकारी से कथित अभद्रता और पीछा करने के मामले में फरार जनपद सदस्य की अग्रिम जमानत याचिका हाईकोर्ट ने खारिज कर दी है। इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी की संभावना बढ़ गई है।





