May 13, 2026

CG News : बोर्ड परीक्षा का वीडियो वायरल होने पर 5 कर्मचारी निलंबित

महासमुंद। बोर्ड परीक्षा के दौरान एग्जाम हॉल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। भंवरपुर स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल परीक्षा केंद्र में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने केंद्र अध्यक्ष, सहायक केंद्र अध्यक्ष और पर्यवेक्षक समेत 5 कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

परीक्षा केंद्र में सुरक्षा में बड़ी चूक

मामला महासमुंद जिले के परीक्षा केंद्र क्रमांक 171031, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिंदी माध्यम विद्यालय, भंवरपुर का है। बोर्ड परीक्षा के दौरान एक छात्रा इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस यानी डिजिटल कैमरा लेकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश कर गई। छात्रा ने परीक्षा की वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

घटना सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) महासमुंद की प्रारंभिक जांच में केंद्र पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की गंभीर लापरवाही उजागर हुई।

इन कर्मचारियों पर गिरी गाज

लोक शिक्षण संचालनालय ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के तहत इसे गंभीर कदाचार मानते हुए पांच कर्मचारियों को निलंबित किया है।

निलंबित कर्मचारियों में शामिल हैं:

  • गंगा प्रसाद पटेल – व्याख्याता एवं केंद्र अध्यक्ष
  • अनिरुद्ध भोई – व्याख्याता एवं सहायक केंद्र अध्यक्ष
  • दिनेश कुमार दास – व्याख्याता एवं सहायक केंद्र अध्यक्ष
  • दुर्गाप्रसाद पटेल – सहायक शिक्षक एलबी एवं पर्यवेक्षक
  • विजिया बुड़ेक – नियमित भृत्य

डीईओ कार्यालय बनाया गया मुख्यालय

निलंबन अवधि के दौरान सभी कर्मचारियों का मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, महासमुंद निर्धारित किया गया है। विभाग ने निर्देश दिए हैं कि सात दिनों के भीतर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ आरोप पत्र का प्रारूप संचालनालय को भेजा जाए। निलंबन अवधि में कर्मचारियों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।