March 3, 2026

छत्तीसगढ़ में 5000 शिक्षकों की होगी भर्ती, CM साय ने व्यापमं को दिए त्वरित प्रक्रिया के निर्देश

रायपुर:
छत्तीसगढ़ में शिक्षा व्यवस्था को मजबूती देने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा फैसला लिया है। मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में शिक्षकों की कमी को गंभीरता से लेते हुए 5000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

फरवरी 2026 तक जारी होगा विज्ञापन

मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट किया कि यह भर्ती प्रक्रिया छत्तीसगढ़ व्यापमं के माध्यम से कराई जाएगी और इसके लिए फरवरी 2026 तक विज्ञापन जारी किया जाए, ताकि समयबद्ध तरीके से नियुक्तियां पूरी हो सकें। उन्होंने कहा कि स्कूलों में शिक्षकों के रिक्त पदों को जल्द भरना सरकार की प्राथमिकता है।

प्रतीक्षा सूची को नहीं मिलेगा विस्तार

बैठक में शिक्षक भर्ती परीक्षा–2023 से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने निर्णय लिया कि परीक्षा–2023 की प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) की अवधि नहीं बढ़ाई जाएगी। इससे पुराने वर्षों में उत्तीर्ण युवाओं को भी अवसर मिल सकेगा और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहेगी।

शिक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करना प्राथमिकता

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक स्कूल में पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध हों। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भर्ती प्रक्रिया में किसी तरह की देरी न हो और गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा, “शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बच्चों को बेहतर भविष्य देने के लिए जरूरी है कि स्कूलों में समय पर योग्य शिक्षक उपलब्ध हों।”

इस फैसले से प्रदेश के हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी का अवसर मिलेगा और स्कूलों में पढ़ाई व्यवस्था भी बेहतर होगी।