March 3, 2026

चंदखुरी में 51 फीट ऊंची श्रीराम प्रतिमा रायपुर पहुंची, जल्द होगी स्थापना

रायपुर। चंदखुरी स्थित कौशल्या माता मंदिर परिसर में स्थापना के लिए ग्वालियर से भगवान श्रीराम की 51 फीट ऊंची वनवासी प्रतिमा रायपुर पहुंच गई है। प्रतिमा का निर्माण ग्वालियर के प्रसिद्ध मूर्तिकार दीपक विश्वकर्मा ने किया है और इसे रीजनल आर्ट एंड क्राफ्ट डिजाइन सेंटर में तैयार किया गया।

यह नई प्रतिमा वर्ष 2021 में स्थापित 51 फीट ऊंची श्रीराम प्रतिमा की जगह कांग्रेस शासनकाल में कौशल्या धाम परिसर में स्थापित की जाएगी। तत्कालीन भूपेश बघेल सरकार ने राम वन पथ गमन और कौशल्या धाम के जीर्णोद्धार को एक ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में प्रचारित किया था। प्रतिमा के स्वरूप को लेकर उस समय भाजपा ने आपत्ति जताई थी कि यह भगवान राम के पारंपरिक स्वरूप के अनुरूप नहीं है।

विगत वर्ष 20 नवंबर को भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने नई प्रतिमा की स्थापना में हो रही देरी पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखा था। पत्र में कहा गया था कि वर्तमान सरकार के गठन के बाद भी यह मांग लगातार उठती रही, लेकिन दो वर्षों के बाद भी मूर्ति परिवर्तन की प्रक्रिया पूर्ण नहीं होने से जनता में निराशा व्याप्त है।

पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि प्रतिमा पूरी तरह तैयार है और रायपुर पहुंचने के बाद पूरे विधि-विधान के साथ इस माह के अंत तक इसकी स्थापना कर दी जाएगी।