मनेंद्रगढ़।
छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 565 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। पोड़ी थाना क्षेत्र की नागपुर चौकी पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध कारों से यह खेप बरामद की। पुलिस को देखकर तस्कर दोनों वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गए। जब्त गांजे की कीमत करीब 56 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र से होकर मादक पदार्थों की बड़ी खेप गुजरने वाली है। सूचना के आधार पर नागपुर चौकी क्षेत्र में नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू की गई। इसी दौरान दो संदिग्ध कारें वहां पहुंचीं। पुलिस बल को देखकर तस्करों ने वाहन सड़क किनारे छोड़ दिए और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस ने दोनों लावारिस वाहनों को कब्जे में लेकर तलाशी ली। जांच में कारों के भीतर बड़ी मात्रा में गांजे के पैकेट मिले। वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में वजन कराने पर एक कार से 300 किलो और दूसरी कार से 265 किलो गांजा बरामद हुआ। इस तरह कुल 565 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया गया।
पुलिस ने दोनों वाहनों और गांजे की खेप को जब्त कर अज्ञात तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वाहन के रजिस्ट्रेशन, इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। यह कार्रवाई जिले में नशे के खिलाफ हाल के वर्षों की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है।





