बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के रतनपुर स्थित बिकमा तालाब में उस समय हड़कंप मच गया, जब तालाब के बाहर एक गड्ढे में मगरमच्छ के छह बच्चे दिखाई दिए। सुबह नहाने पहुंचे लोगों ने जैसे ही इन्हें देखा, इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सभी बच्चों का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
जानकारी के अनुसार, रोजाना की तरह स्थानीय लोग सुबह बिकमा तालाब में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर तालाब किनारे मौजूद मगरमच्छ के बच्चों पर पड़ी। बच्चों को देखकर लोगों में दहशत फैल गई और तत्काल इसकी सूचना रतनपुर पुलिस तथा वन विभाग को दी गई।
वन विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से मगरमच्छ के सभी छह बच्चों को सावधानीपूर्वक पकड़कर वन विभाग कार्यालय लाया गया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें सुरक्षित रूप से खूंटाघाट डैम में छोड़ दिया गया।
तालाब में अब भी मौजूद हैं बड़े मगरमच्छ
ग्रामीणों का कहना है कि बिकमा तालाब में अभी भी तीन बड़े मगरमच्छ मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि एक मादा मगरमच्छ ने तालाब किनारे अंडे दिए थे, जिनसे हाल ही में ये बच्चे निकले हैं।
वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और लोगों से तालाब के आसपास सतर्कता बरतने की अपील की है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
स्थानीय लोगों में मगरमच्छों की मौजूदगी को लेकर चिंता जरूर है, लेकिन वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।





