सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में डायल 112 की टीम पर हमला करने वाले 8 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद प्रतापपुर पुलिस ने सभी आरोपियों का शहर में जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपी “अपराध करना पाप है, पुलिस हमारा बाप है” जैसे नारे लगाते नजर आए।
जानकारी के अनुसार, यह मामला प्रतापपुर थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव का है। बीते दिनों हुए एक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने ट्रक में आग लगा दी थी और मौके पर पहुंची डायल 112 टीम पर भी हमला कर दिया था।
हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें कुछ लोग डायल 112 के आरक्षक और वाहन चालक के साथ मारपीट करते दिखाई दिए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 132, 221, 121(1), 191(2) और 190 के तहत अपराध दर्ज किया।
जांच के दौरान पुलिस ने मामले में शामिल आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में पारस नाथ पैकरा (32), रामकेवल पैकरा (26), अभय पैकरा (20), शिवसागर पैकरा (29), करम साय पैकरा (31), मुकेश पैकरा उर्फ सीजय (23), प्रकाश पैकरा उर्फ जीरा (20) और नरेश पैकरा (22) शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम बैकोना, थाना प्रतापपुर, जिला सूरजपुर के निवासी हैं।
वहीं ट्रक में आगजनी के मामले में पुलिस ने बीएनएस की धारा 324(5) के तहत मुकेश उर्फ सीजय पैकरा और दिपेश पैकरा के खिलाफ अलग से अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है।
पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने और सरकारी कर्मचारियों पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों का जुलूस निकालकर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून को हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।





