नई दिल्ली। देश आज 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति के साथ मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर पर तिरंगा फहराया और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। यह लगातार 13वीं बार है, जब प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
ध्वजारोहण के बाद लाल किले पर पहली बार आधिकारिक रूप से ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन हुआ। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ। भारतीय वायुसेना के हेलिकॉप्टरों से पुष्पवर्षा की गई और 21 तोपों की सलामी दी गई।
पहली बार लाल किले पर आधिकारिक रूप से गूंजा ‘वंदे मातरम’
80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की सबसे खास बात राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इसका विशेष आयोजन रहा। लाल किले पर सेना के बैंड ने ‘वंदे मातरम’ की धुन बजाई। इसके बाद एनसीसी कैडेट्स और माय भारत के स्वयंसेवकों ने सामूहिक गायन में हिस्सा लिया।
PM मोदी बोले- भारत को अब आत्मनिर्भर बनना है
देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत को अब दूसरे देशों पर निर्भर नहीं रहना है, बल्कि आत्मनिर्भर बनना है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास की रफ्तार पकड़ी है।
प्रधानमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि देश उन महान वीरों के बलिदान को कभी नहीं भूल सकता, जिन्होंने आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने महात्मा गांधी समेत सभी स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
उन्होंने कहा कि कोई भी देश तब महान बनता है, जब वह अपने सपनों को हासिल करता है और अपने संकल्प व सामर्थ्य के दम पर आगे बढ़ता है। भारत अब छोटे सपनों से चलने वाला देश नहीं है। बड़े सपने हमारी सोच को विस्तार देते हैं और हमारे संकल्प दृढ़ होने चाहिए।
12 साल में कई क्षेत्रों में तेजी से हुआ विकास
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में पिछले 12 वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस दौरान डिफेंस प्रोडक्शन करीब 4 गुना, खादी और ग्रामोद्योग 5 गुना और इलेक्ट्रिक मैन्युफैक्चरिंग 7 गुना बढ़ी है।
उन्होंने बताया कि रेलवे कोच निर्माण में करीब 21 गुना, मोबाइल फोन उत्पादन में 33 गुना और इंटरनेट यूजर्स की संख्या में करीब 4 गुना वृद्धि हुई है। डिजिटल ट्रांजैक्शन में भी करीब 100 गुना बढ़ोतरी हुई है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हर साल पहले की तुलना में कई गुना तेजी से नल से जल कनेक्शन, गैस कनेक्शन, शौचालय निर्माण और गरीबों के लिए आवास उपलब्ध कराने का काम हुआ है।
‘वोकल फॉर लोकल’ से जुड़ रहा हर भारतीय
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मेक इन इंडिया, स्वदेशी और वोकल फॉर लोकल जैसे अभियानों से आज हर भारतीय का मन जुड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए देश में ही उत्पादन को बढ़ावा देना जरूरी है।
सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ा भारत
प्रधानमंत्री ने सेमीकंडक्टर क्षेत्र में भारत की प्रगति का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज दुनिया में हर क्षेत्र में चिप का महत्व बढ़ गया है। चिप के बिना आधुनिक दुनिया की कल्पना मुश्किल है।
उन्होंने कहा कि कभी भारत में सेमीकंडक्टर प्लांट की चर्चा होती थी, लेकिन प्लांट स्थापित नहीं हो पाते थे। आज भारत ने आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाते हुए अपने सेमीकंडक्टर प्लांट लगाए हैं। प्रधानमंत्री के अनुसार, तीन प्लांट शुरू हो चुके हैं और वहां से निर्यात भी शुरू हो गया है।





