September 4, 2026

80th Independence Day: छत्तीसगढ़ में शान से लहराया तिरंगा, राज्यपाल से लेकर मंत्रियों और सांसदों ने किया ध्वजारोहण; नक्सल मुक्त बस्तर में पहली बार खास जश्न

रायपुर। छत्तीसगढ़ में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति के साथ मनाया गया। प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह आयोजित किए गए। विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। समारोहों में स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया गया।

लोकभवन में राज्यपाल रमेन डेका ने फहराया तिरंगा

राज्यपाल रमेन डेका ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुबह लोकभवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। उन्होंने परेड का निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी मौजूद रहीं। राज्यपाल ने लोकभवन सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कर्मचारियों के परिजनों और बच्चों से मुलाकात कर उन्हें टॉफी-मिठाई वितरित की।

राजनांदगांव में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने किया ध्वजारोहण

राजनांदगांव जिला मुख्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने ध्वजारोहण किया। हर्ष फायर के बीच तिरंगे को सलामी दी गई। इसके बाद डॉ. रमन सिंह ने आकर्षक मार्चपास्ट का निरीक्षण किया।

नक्सल मुक्त बस्तर में पहली बार खास जश्न

जगदलपुर में नक्सलवाद से मुक्ति के बाद पहली बार स्वतंत्रता दिवस का उत्सव विशेष उत्साह और ऐतिहासिक माहौल में मनाया गया। लालबाग मैदान में उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। उन्होंने कहा कि अब बस्तर के अंदरूनी इलाकों में भी तिरंगा शान से लहराएगा। समारोह में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला।

दुर्ग में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने फहराया तिरंगा

दुर्ग जिला मुख्यालय में आयोजित समारोह में उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। समारोह में पुलिस एवं सुरक्षा बलों के जवानों ने अनुशासन और देशभक्ति का शानदार प्रदर्शन किया।

बिलासपुर में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने किया ध्वजारोहण

बिलासपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में जिला स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित किया गया। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया गया।

रायगढ़ में मंत्री ओपी चौधरी ने फहराया तिरंगा

रायगढ़ के शहीद विप्लव त्रिपाठी मिनी स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। वित्त एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। समारोह में शहीद परिवारों का सम्मान किया गया। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

कांकेर में मंत्री टंकराम वर्मा ने किया ध्वजारोहण

कांकेर के शासकीय नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में मंत्री टंकराम वर्मा ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संदेश का वाचन किया गया।

जांजगीर-चांपा में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने फहराया तिरंगा

जांजगीर के हाई स्कूल मैदान में जिला स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित हुआ। मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। विभिन्न टुकड़ियों ने आकर्षक मार्चपास्ट के जरिए तिरंगे को सलामी दी। मुख्यमंत्री के संदेश का भी वाचन किया गया।

सूरजपुर में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया ध्वजारोहण

सूरजपुर के स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित समारोह में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। उन्होंने परेड की सलामी भी ली। समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही।

कवर्धा में मंत्री लखनलाल देवांगन ने फहराया तिरंगा

कवर्धा के आचार्य पंथ श्री गृंध मुनि नाम साहब शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मैदान में समारोह आयोजित किया गया। उद्योग मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस दौरान उन्होंने आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े।

महासमुंद में मंत्री दयाल दास बघेल ने किया ध्वजारोहण

महासमुंद के मिनी स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद उन्होंने परेड में शामिल 10 प्लाटून का निरीक्षण किया। समारोह में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का माहौल नजर आया।

अंबिकापुर में मंत्री रामविचार नेताम ने फहराया तिरंगा

अंबिकापुर के पीजी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित समारोह में कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संदेश का वाचन भी किया। पुलिस एवं सुरक्षा बलों की आकर्षक परेड ने समारोह में देशभक्ति का जोश भर दिया।

बलौदाबाजार में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने किया ध्वजारोहण

बलौदाबाजार के पंडित चक्रपाणि शुक्ला हायर सेकंडरी स्कूल में आयोजित समारोह में लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया। पुलिस, एनसीसी, स्काउट-गाइड और रेडक्रॉस की टुकड़ियों ने मार्चपास्ट किया। स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के परिजनों को शाल-श्रीफल से सम्मानित किया गया।

बेमेतरा में सांसद विजय बघेल ने फहराया तिरंगा

बेमेतरा के ऐतिहासिक बेसिक स्कूल मैदान में आयोजित समारोह में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस दौरान शहीद परिवारों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगई, पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल, विधायक दीपेश साहू सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

गरियाबंद में सांसद रूपकुमारी चौधरी ने किया ध्वजारोहण

गरियाबंद पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। विभिन्न टुकड़ियों ने मार्चपास्ट करते हुए तिरंगे को सलामी दी। मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन भी किया गया।

बलरामपुर में सांसद चिंतामणि महाराज ने फहराया तिरंगा

बलरामपुर पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में सांसद चिंतामणि महाराज ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। परेड में 13 टुकड़ियों ने आकर्षक मार्चपास्ट किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया गया और स्वतंत्रता दिवस अमर रहे के नारों से मैदान गूंज उठा।

धमतरी में पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने किया ध्वजारोहण

धमतरी में स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगीत के साथ समारोह की शुरुआत हुई। कार्यक्रम में हॉर्स मार्च विशेष आकर्षण रहा। घोड़ों के साथ मार्चपास्ट ने लोगों का ध्यान खींचा।

इसके अलावा दंतेवाड़ा में वन मंत्री केदार कश्यप, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, जशपुर में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल और बालोद में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होकर तिरंगा फहराया।

वहीं खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में सांसद संतोष पांडेय, कोंडागांव में सांसद भोजराज नाग, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सांसद राधेश्याम राठिया, सक्ती में सांसद कमलेश जांगड़े, बीजापुर में सांसद महेश कश्यप, सुकमा में राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली।

प्रदेशभर में आयोजित इन समारोहों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया गया। जगह-जगह सांस्कृतिक कार्यक्रम, मार्चपास्ट और शहीद परिवारों के सम्मान के साथ स्वतंत्रता दिवस का पर्व मनाया गया। खास तौर पर नक्सल मुक्त बस्तर में पहली बार स्वतंत्रता दिवस का जश्न प्रदेश के लिए विशेष गौरव का अवसर रहा।