रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक स्थित सुंदरानी हार्डवेयर दुकान में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर गई और इसकी चपेट में ऑक्टोपस बार समेत आसपास की तीन दुकानें आ गईं। घटना की सूचना मिलते ही तेलीबांधा पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
जानकारी के अनुसार, सुंदरानी हार्डवेयर में लगी आग तेजी से फैलते हुए पास स्थित इलेक्ट्रॉनिक दुकान सहित करीब चार प्रतिष्ठानों तक पहुंच गई। दुकान के बाहर खड़ी छह से अधिक दोपहिया वाहन भी आग की चपेट में आकर जल गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, जबकि वास्तविक क्षति का आकलन किया जा रहा है।
आग की लपटें हार्डवेयर दुकान से सटे ऑक्टोपस बार तक पहुंच गईं। स्थिति गंभीर होते देख बार की ऊपरी मंजिल पर मौजूद लोगों ने छत के रास्ते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। वहीं आसपास के मकानों में रह रहे लोगों को भी समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस भीषण अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
सूचना मिलते ही तेलीबांधा पुलिस, नगर निगम की फायर ब्रिगेड और कई दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। आग की भयावहता को देखते हुए निजी पावर प्लांटों की दमकलों की भी मदद ली गई। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पाया गया, हालांकि देर रात तक आग को पूरी तरह बुझाने का अभियान जारी रहा। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा।
तेलीबांधा थाना प्रभारी अजय झा ने बताया कि आग सुंदरानी हार्डवेयर दुकान से शुरू हुई थी। तेज बारिश के बावजूद आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाने में काफी समय लगा। ऑक्टोपस बार समेत तीन दुकानों को भारी नुकसान हुआ है। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।





