March 3, 2026

छालीवुड डायरेक्टर मोहित साहू पर गंभीर आरोप, युवती से जबरन शादी और बेरहमी से मारपीट का मामला आया सामने

रायपुर:
छत्तीसगढ़ फिल्म इंडस्ट्री (छालीवुड) से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। फिल्म डायरेक्टर मोहित साहू पर एक युवती ने गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि मोहित साहू पहले से शादीशुदा है, इसके बावजूद उसने उसे उज्जैन ले जाकर जबरन शादी कर ली।

शादी का सच सामने आने पर हुआ विवाद

पीड़िता के अनुसार जब उसे मोहित साहू की पहले से शादी होने की जानकारी मिली, तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि मोहित साहू ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की।

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक फ्लैट में युवती लहुलुहान हालत में डरी-सहमी नजर आ रही है, और मोहित साहू वहीं मौजूद दिखाई दे रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पड़ोसियों और महिला गार्ड ने बचाया

मारपीट के दौरान शोर सुनकर पड़ोसी और महिला सुरक्षा गार्ड मौके पर पहुंचे और दरवाजा खुलवाया। इसके बाद युवती को बाहर निकाला गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की शिकायत पुरानी बस्ती थाना में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है और वीडियो फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट व बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

छालीवुड में मचा हड़कंप

इस घटना के सामने आने के बाद छालीवुड इंडस्ट्री में भी हलचल मच गई है। वहीं सोशल मीडिया पर लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने पर आरोपी पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।