January 16, 2026

11 जनवरी से आम आदमी पार्टी निकालेगी ‘छत्तीसगढ़ बचाओ यात्रा’, 450 ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त

रायपुर। छत्तीसगढ़ में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और जनता से सीधे संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से आम आदमी पार्टी (AAP) ने 11 जनवरी 2026 से ब्लॉक स्तरीय “छत्तीसगढ़ बचाओ यात्रा” निकालने का ऐलान किया है। यह यात्रा प्रदेश के सभी 450 ब्लॉकों में आयोजित की जाएगी और इसके माध्यम से 11,664 ग्राम पंचायतों तथा 20,363 गांवों तक पार्टी अपनी पहुंच बनाएगी।

आम आदमी पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष उत्तम जायसवाल ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि पिछले दो महीनों से पार्टी की लगातार मैराथन बैठकें चल रही थीं। पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव संदीप पाठक और राष्ट्रीय सहप्रभारी मुकेश अहलावत के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ में संगठनात्मक ढांचे को सशक्त किया गया है। इसी क्रम में पूरे प्रदेश में 450 ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति पूरी कर ली गई है।

संगठन को नए स्वरूप में खड़ा करने की तैयारी

उत्तम जायसवाल ने कहा कि संसाधन सीमित होने के बावजूद पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ इस लक्ष्य की ओर बढ़ रहे हैं। “छत्तीसगढ़ बचाओ यात्रा” के बाद आम आदमी पार्टी प्रदेश की जनता के सामने एक नए और मजबूत रूप में नजर आएगी।

उन्होंने बताया कि यात्रा की तैयारी को लेकर लोकसभा, जिला और विधानसभा स्तर पर कई महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकें आयोजित की गई हैं। इन बैठकों में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और आगामी निकाय चुनावों को ध्यान में रखते हुए रणनीतिक योजना पर विस्तार से चर्चा हुई है।

जनहित के मुद्दों को बनाएगी यात्रा का केंद्र

प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि सभी बैठकों का मुख्य उद्देश्य संगठन निर्माण के साथ-साथ जनता से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से सरकार के सामने रखना है। यात्रा के दौरान जनसंपर्क को मजबूत करने, नए साथियों को जोड़ने और इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संगठनात्मक नियुक्तियों में किसी प्रकार की देरी नहीं की जा रही है। प्रतिदिन लोकसभा, विधानसभा, जिला और ब्लॉक स्तर पर नई नियुक्तियां की जा रही हैं, जिससे पार्टी को निरंतर नई ऊर्जा मिल रही है।

मजबूत विकल्प बनने का दावा

उत्तम जायसवाल ने कहा कि नए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के जुड़ने से संगठन को मजबूती मिलेगी। आम आदमी पार्टी पारदर्शिता, ईमानदार राजनीति और जनसेवा के अपने मूल सिद्धांतों के साथ जनता के बीच और अधिक सशक्त रूप से पहुंचेगी और आगामी चुनावों में एक मजबूत व विश्वसनीय विकल्प के रूप में उभरने का प्रयास करेगी।