अभनपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने हाई-प्रोफाइल जुआ अड्डे का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम टोकरो के पास खेतों में चल रहे जुए पर छापेमारी कर पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, 6 अप्रैल 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रायपुर ग्रामीण और धमतरी जिले की सीमा पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और डीएसपी नवा रायपुर के नेतृत्व में टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस को देखकर जुआ खेल रहे लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों को पकड़ लिया। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल सिंह (34) निवासी सेक्टर-10 भिलाई और रितेश कुमार (36) निवासी आनंद विहार, तेलीबांधा रायपुर के रूप में हुई है।
42 लाख से ज्यादा का माल जब्त
रेड के दौरान पुलिस ने मौके से 6 लाख 34 हजार रुपये नकद, एक लग्जरी मर्सिडीज कार (CG 07 CU 9944), 2 आईफोन और ताश की गड्डी जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 42.14 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।





