अभनपुर। जनपद पंचायत अभनपुर में वित्तीय वर्ष 2021-22 की गौण खनिज मद की राशि के आवंटन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। जनपद के 11 सदस्यों ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक धनेन्द्र साहू के साथ पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव से मंत्रालय में मुलाकात कर मामले की शिकायत दर्ज कराई है।
सदस्यों का आरोप
जनपद सदस्यों का आरोप है कि 29 अप्रैल 2026 को आयोजित सामान्य सभा की बैठक में जनपद अध्यक्ष द्वारा पहले से तैयार सूची प्रस्तुत कर बिना चर्चा और सदस्यों की सहमति के ही राशि आवंटन का प्रस्ताव पारित कर दिया गया। बैठक को कुछ ही मिनटों में समाप्त कर दिया गया, जिससे सदस्यों को आपत्ति दर्ज करने का अवसर नहीं मिला।
प्राथमिकता में गड़बड़ी का आरोप
शिकायत में यह भी कहा गया है कि खनन से प्रभावित और आंशिक रूप से प्रभावित ग्रामों को प्राथमिकता देने के बजाय गैर-प्रभावित ग्रामों को अधिक राशि आवंटित कर दी गई। इसके अलावा दूरस्थ ग्रामों को भी भारी-भरकम राशि दिए जाने पर सवाल उठाए गए हैं, जिससे वित्तीय अनियमितता और पक्षपात की आशंका जताई जा रही है।
नियमों के उल्लंघन का आरोप
जनपद सदस्यों का कहना है कि विरोध के बावजूद अध्यक्ष और मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने प्रस्ताव को बहुमत के आधार पर पारित कर दिया, जबकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और लोकतांत्रिक नियमों के विपरीत रही।
जांच और कार्रवाई की मांग
मंत्रालय में की गई शिकायत में सदस्यों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, नियम विरुद्ध प्रस्ताव को निरस्त करने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही गौण खनिज मद की राशि को प्रभावित ग्रामों में नियम अनुसार पुनः आवंटित करने की मांग की गई है। मामले के बाद अभनपुर की राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है और अब प्रशासनिक कार्रवाई पर नजरें टिकी हैं।





