July 23, 2026

महानदी में नहाते समय युवक डूबा, पत्नी के सामने हुआ हादसा; रेस्क्यू टीम का सर्च ऑपरेशन जारी

अभनपुर। रायपुर जिले के गोबरा नवापारा स्थित नेहरू घाट पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। महानदी में नहाने के दौरान 35 वर्षीय युवक प्रदीप कश्यप गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद पुलिस, गोताखोरों और रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाश अभियान शुरू किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई पता नहीं चल सका था।

पत्नी के सामने हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, इंदिरा मार्केट निवासी प्रदीप कश्यप (35) शनिवार दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच अपनी पत्नी के साथ नेहरू घाट नहाने पहुंचे थे। प्रदीप नदी में स्नान कर रहे थे, जबकि उनकी पत्नी किनारे पर कपड़े धो रही थी। इसी दौरान प्रदीप अनजाने में गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

बताया जा रहा है कि प्रदीप ने बचाने के लिए आवाज भी लगाई, लेकिन उनकी पत्नी ने शुरुआत में इसे मजाक समझा। कुछ ही क्षणों बाद वह नदी में लापता हो गए। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर पत्नी ने आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगी।

गोताखोरों की मदद से तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर गोबरा नवापारा पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पहुंची और गोताखोरों को बुलाकर सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। स्थानीय युवकों ने भी नदी में युवक की तलाश की, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिल सकी है।

पुलिस की निगरानी में गोताखोरों और रेस्क्यू टीम द्वारा महानदी में लगातार खोज अभियान चलाया जा रहा है।