September 4, 2026

गोबरा नवापारा नगर पालिका में RI से मारपीट, कार्यालय में घुसकर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी; 4 पर FIR

अभनपुर। नगर पालिका गोबरा नवापारा के राजस्व निरीक्षक निखिल चंद्राकर के साथ कार्यालय में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। राजस्व निरीक्षक की शिकायत पर गोबरा नवापारा पुलिस ने रूपो जगत, लल्ला पटेल, विजय यादव और मोनू कंसारी समेत चार आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहले सड़क पर विवाद, फिर घर के पास धमकी

राजस्व निरीक्षक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 20 अगस्त की रात करीब 8 बजे वह अपनी पत्नी के पैन कार्ड में नाम सुधारवाने के लिए मस्जिद के पास आवेदन देकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सदर रोड नवापारा मोड़ के पास रूपो जगत अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल से उनके सामने से कट मारकर निकला।

निखिल चंद्राकर के मुताबिक, मोटरसाइकिल ठीक से चलाने की समझाइश देने पर आरोपी ने उनके साथ गाली-गलौज की। आरोप है कि इसके बाद आरोपी उनके घर के पास भी पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी।

नगर पालिका कार्यालय में घुसकर मारपीट का आरोप

शिकायत के अनुसार, 21 अगस्त की शाम करीब 5 बजे रूपो जगत, लल्ला पटेल, विजय यादव और मोनू कंसारी समेत अन्य लोग नगर पालिका कार्यालय पहुंचे और राजस्व निरीक्षक के कक्ष में घुस गए। आरोप है कि आरोपियों ने कार्यालय में रखे शासकीय दस्तावेज फेंक दिए और शासकीय कार्य में बाधा डाली।

इसके बाद राजस्व निरीक्षक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई। शिकायत में निखिल चंद्राकर के सिर, पीठ और हाथ-पैर में चोट लगने की बात कही गई है। घटना के दौरान नगर पालिका स्टाफ ने बीच-बचाव कर आरोपियों को कार्यालय से बाहर निकाला।

आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने नगर पालिका का मुख्य दरवाजा तोड़कर दोबारा कार्यालय में घुसने का प्रयास किया। घटना के दौरान नगर पालिका कर्मचारी सेवक साहू, सरस्वती कंवर, सुभाषिनी शर्मा समेत अन्य कर्मचारी मौजूद थे।

4 आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज

गोबरा नवापारा पुलिस ने राजस्व निरीक्षक की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 221, 296, 3(5), 324(4) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले में घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।