अभनपुर। ग्राम पंचायत जौंदी में आयोजित आमसभा के दौरान उपसरपंच के साथ कथित मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। उपसरपंच पोखन लाल यदु ने थाना गोबरा नवापारा में शिकायत दर्ज कराते हुए सरपंच पुत्र समेत कई लोगों पर मारपीट करने और जानबूझकर विवाद खड़ा करने का आरोप लगाया है।
प्रधानमंत्री आवास सूची को लेकर हुआ विवाद
शिकायत के अनुसार, 24 जून को ग्राम पंचायत जौंदी में आमसभा आयोजित की गई थी। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची पर चर्चा चल रही थी। सूची में 169 हितग्राहियों के नाम शामिल थे, जबकि लगभग 120 लोगों के नाम नहीं होने पर कुछ ग्रामीणों ने उपसरपंच पर नाम कटवाने का आरोप लगाया।
सभा में भड़काने और मारपीट का आरोप
उपसरपंच पोखन लाल यदु का आरोप है कि इसी मुद्दे को लेकर टोमन लाल साहू ने आमसभा में मौजूद लोगों को उनके खिलाफ भड़काया। बैठक समाप्त होने के दौरान कथित तौर पर उनका कॉलर पकड़कर पंचायत भवन के बाहर ले जाया गया।
शिकायत में कहा गया है कि बाहर चिंतामणि, टोमन साहू, मिथलेश साहू, अलखराम साहू, बैतल साहू, लेखराम साहू, प्रहलाद साहू और एस. कुमार सहित अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट की। इस दौरान उनके कपड़े फाड़ दिए गए और मोटरसाइकिल को भी नुकसान पहुंचाया गया।
वीडियो बनने का दावा
उपसरपंच ने अपनी शिकायत में बताया है कि घटना का वीडियो ग्रामीण चेतन साहू द्वारा बनाया गया है, जो जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हो सकता है। मारपीट के कारण उनके जबड़े में चोट आई है और अभी भी दर्द बना हुआ है।
पहले भी अभद्रता का आरोप
पोखन लाल यदु ने आरोप लगाया कि इससे पहले हुई पंचायत बैठकों में भी उनके साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट का प्रयास किया जा चुका है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस जांच का इंतजार
फिलहाल मामला थाना गोबरा नवापारा पहुंच चुका है। अब पुलिस शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति और जिम्मेदार लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।






