अभनपुर: गर्मी के मौसम में ‘जल बचाओ-जल ही जीवन है’ का संदेश देने वाले विभाग की लापरवाही से अभनपुर विकासखंड के ग्राम कुर्रा में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। तालाब भरने के लिए नहरों में छोड़ा गया पानी अब गांव के लिए मुसीबत बन गया है।
कुर्रा चौक के पास नहर को नगर पालिका गोबरा नवापारा के शीतला तालाब में जल भराव के लिए रोक दिया गया, जिससे पानी ओवरफ्लो होकर गांव के कई हिस्सों में घुस गया। हालात यह हैं कि कई घरों में पानी भर गया है और जनजीवन प्रभावित हो गया है।
स्कूल और पेयजल स्रोत प्रभावित:
इस स्थिति से सबसे ज्यादा नुकसान प्राथमिक शाला को हुआ है, जहां पूरा स्कूल परिसर जलमग्न हो गया है। वहीं जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति करने वाला कुआं भी नहर के गंदे पानी से भर गया है, जिससे दूषित पानी की सप्लाई हो रही है।
बीमारियों का खतरा बढ़ा:
ग्रामीणों को आशंका है कि गंदा पानी पीने से डायरिया और पीलिया जैसी बीमारियां फैल सकती हैं। ऐसे में गांव में स्वास्थ्य संकट की स्थिति बनती जा रही है।
हर साल दोहराई जाती है समस्या:
ग्रामीणों का कहना है कि हर साल गर्मी में तालाब भरने के लिए नहर में पानी छोड़ा जाता है, लेकिन निकासी की व्यवस्था नहीं होने से यही स्थिति बनती है। इस बार भी नहर को रोकने के कारण पानी गांव में भर गया।
प्रशासन से की मांग:
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल नहर का पानी डायवर्ट करने, स्कूल और कुएं से पानी निकासी करने तथा स्वच्छ पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है।





