July 30, 2026

डोंगरगढ़ में पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह, चाकू मारकर युवक की हत्या; मुख्य आरोपी गिरफ्तार

डोंगरगढ़। राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ शहर में पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। मंगलवार रात कश्मीरी पारा इलाके में हुए विवाद के दौरान एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार, शाहरुख खान ने शिकायत दर्ज कराई कि 28 जुलाई की रात करीब 9 बजे वह अपने भाई फारुख खान, दोस्त सुमित विश्वकर्मा उर्फ बोंगो और धनु यादव उर्फ धनेश के साथ कश्मीरी पारा में मौजूद था। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते आरोपी अभय निषाद हाथ में लकड़ी का डंडा लेकर वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए हमला करने लगा।

हमले से बचने के दौरान शाहरुख गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपी ने उसके सिर पर लकड़ी के डंडे से वार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने अपने पास मौजूद चाकू निकालकर धनु यादव के पेट में हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल धनु को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और डोंगरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल शाहरुख की शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 419/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 एवं 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अभय निषाद (23 वर्ष) निवासी कश्मीरी पारा, डोंगरगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच के साथ आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।