रायपुर। छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग के सहयोग से देश की एकमात्र मासिक कार्टून पत्रिका कार्टून वॉच द्वारा जगदलपुर में स्कूली विद्यार्थियों के लिए ‘मुस्कुराता बस्तर’ थीम पर विशेष कार्टून कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इस कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को कार्टून और कैरिकेचर कला का प्रशिक्षण देने के साथ-साथ बस्तर की संस्कृति, पर्यटन और लोकजीवन को रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित करना है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर क्षेत्र विकास, पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत के कारण बस्तर देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान बना रहा है। चित्रकोट जलप्रपात, तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, बस्तर दशहरा और अन्य लोकपर्व इसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं।
कार्टून वॉच के संपादक त्र्यंबक शर्मा ने बताया कि कार्यशाला की थीम ‘मुस्कुराता बस्तर’ इन्हीं सकारात्मक पहलुओं को कार्टून कला के माध्यम से रचनात्मक रूप से अभिव्यक्त करने पर केंद्रित है। इस पहल का उद्देश्य बस्तर की सकारात्मक छवि को कला के जरिए व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करना है।
कार्यशाला में दिल्ली के वरिष्ठ कार्टूनिस्ट माधव जोशी और पुणे के प्रसिद्ध कैरिकेचर कलाकार शुभम जिंदे विद्यार्थियों को लाइव डेमो के माध्यम से कार्टून और कैरिकेचर बनाने की बारीकियां सिखाएंगे। साथ ही उन्हें कार्टून कला के सामाजिक, रचनात्मक और रोजगारपरक पहलुओं की भी जानकारी दी जाएगी।
आयोजकों का मानना है कि इस कार्यशाला से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा और बस्तर की सकारात्मक पहचान देशभर तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। ‘मुस्कुराता बस्तर’ अभियान नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, लोक परंपराओं और प्राकृतिक धरोहर से जोड़ने की दिशा में एक रचनात्मक प्रयास माना जा रहा है।





