July 31, 2026

Raipur News: लग्जरी बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, बस में फंसा शव और बाइक

अभनपुर। रायपुर-अभनपुर मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार लग्जरी बस ने ओवरब्रिज के पास बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान शिव कुमार बारले के रूप में हुई है, जो धमतरी जिले के कोड़ापार गांव का निवासी था। बताया जा रहा है कि धमतरी से रायपुर की ओर जा रही लग्जरी बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

बस के अगले हिस्से में फंसे शव और बाइक

टक्कर के बाद युवक का शव और उसकी बाइक बस के अगले हिस्से में बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शव एवं बाइक को बस से बाहर निकाला।

चालक फरार, जांच जारी

हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।