रायपुर: राजधानी रायपुर से लगे अभनपुर क्षेत्र में एक शादीशुदा प्रेमी जोड़े द्वारा जहर खाने का मामला सामने आया है। इस घटना में महिला की मौत हो गई, जबकि पुरुष की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला अभनपुर थाना क्षेत्र का है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान शारदा भारती (38) के रूप में हुई है, जबकि युवक की पहचान शिव कुमार कुर्रे (45) के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि दोनों शादीशुदा थे और लंबे समय से उनके बीच प्रेम संबंध था।
तालाब किनारे खाया जहर
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर दोनों अभनपुर थाना क्षेत्र के एक तालाब के किनारे पहुंचे, जहां उन्होंने जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया। जहर खाने के बाद शारदा भारती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शिव कुमार की हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रेम प्रसंग उजागर होने की आशंका
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि दोनों के प्रेम संबंधों का खुलासा होने के बाद उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने पुलिस जांच में जुटी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।





