Raipur | 26 मार्च 2026
अभनपुर। राजधानी रायपुर से लगे गोबरा नवापारा क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां रेत से भरे तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना गोबरा नवापारा नगर के चंपारण चौक के पास की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवा ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मारी, जिससे वह वाहन के नीचे आ गया। हादसा इतना भीषण था कि चालक ने वाहन के नीचे फंसे व्यक्ति को करीब 200 फीट तक घसीट दिया।
मौके पर मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
अवैध रेत परिवहन पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि गरियाबंद और धमतरी क्षेत्रों से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन लंबे समय से जारी है। यही भारी वाहन गोबरा नवापारा होते हुए रायपुर तक पहुंचते हैं, जिससे इस मार्ग पर लगातार हादसे हो रहे हैं।
इसके बावजूद खनिज विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों की निष्क्रियता के चलते अवैध कारोबार पर रोक नहीं लग पा रही है, जिसका खामियाजा आम जनता को अपनी जान गंवाकर चुकाना पड़ रहा है।





