अभनपुर। रायपुर जिले के अभनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम सोनसिल्ली स्थित शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला के जर्जर भवन को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों, पालकों और स्कूली छात्र-छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला जड़कर विरोध प्रदर्शन किया और नए स्कूल भवन की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की।
लगातार हो रही बारिश के बीच सुबह से ही ग्रामीण और छात्र-छात्राएं हाथों में तख्तियां लेकर “नया स्कूल भवन दो” के नारे लगाते रहे। इस दौरान स्कूल के शिक्षक कुछ दूरी पर खड़े होकर मूकदर्शक बने रहे।
जान जोखिम में डालकर पढ़ने को मजबूर बच्चे

ग्रामीणों ने बताया कि प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक दोनों स्कूल एक ही परिसर में दो पालियों में संचालित होते हैं। दोनों भवन बेहद जर्जर हो चुके हैं और लगातार बारिश के चलते उनकी स्थिति और भी खतरनाक हो गई है। उनका कहना है कि किसी भी समय भवन गिरने से बड़ा हादसा हो सकता है और मासूम बच्चों की जान खतरे में पड़ सकती है।
कई बार शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों और पालकों ने आरोप लगाया कि जर्जर भवन की जानकारी कई बार शासन-प्रशासन को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका कहना है कि बच्चों की शिक्षा के साथ उनकी सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है। इसी कारण प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए उन्हें स्कूल में तालाबंदी कर आंदोलन करना पड़ा।
प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि जब तक सुरक्षित स्कूल भवन की व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक स्कूल का ताला नहीं खोला जाएगा।
बीईओ बोले- जर्जर भवन हटाने का आदेश होगा जारी
अभनपुर विकासखंड शिक्षा अधिकारी धरमचंद जैन ने बताया कि वे ग्रामीणों से मुलाकात कर लौटे हैं। उन्होंने कहा कि जर्जर भवन को डिस्मेंटल करने के लिए तत्काल आदेश जारी कराया जाएगा और नए स्कूल भवन की स्वीकृति के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
एसडीएम ने दिया जल्द कार्रवाई का आश्वासन
अभनपुर एसडीएम रवि सिंह ने बताया कि इस मामले में विकासखंड शिक्षा अधिकारी और जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) से चर्चा हो चुकी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि नए स्कूल भवन के निर्माण के लिए जल्द आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।





