अभनपुर। अवैध शराब कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण नहीं कर पाने और संदिग्ध आचरण के आरोप में गोबरा नवापारा थाना प्रभारी दीपेश जायसवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक रायपुर (ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिंह ने 29 मई को यह आदेश जारी किया।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। थाना प्रभारी को कई बार निर्देश दिए गए थे कि इस पर सख्त कार्रवाई की जाए, लेकिन इसके बावजूद इलाके में अवैध शराब का कारोबार जारी रहा।
मामला उस समय गंभीर हो गया जब एसीसीयू रायपुर की देहात टीम ने 29 मई को गोबरा नवापारा क्षेत्र में लल्ला सोनवानी के ठिकाने पर छापेमारी की। इस दौरान वहां अवैध शराब बिक्री की पुष्टि हुई। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी दीपेश जायसवाल भी मौके पर पहुंचे, जहां उनके आचरण पर सवाल उठे। आरोप है कि उन्होंने कार्रवाई के दौरान संदिग्ध व्यवहार दिखाया और आरोपी से एकांत में बातचीत की।
पुलिस अधीक्षक ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए कहा कि थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में अवैध शराब पर नियंत्रण लगाने में पूरी तरह विफल रहे और उनका आचरण भी संदेहास्पद पाया गया। इसी आधार पर उन्हें निलंबित कर पुलिस अधीक्षक कार्यालय रायपुर (ग्रामीण) से अटैच कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।





