जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित संभाग स्तरीय बस्तर पण्डुम समारोह में अबूझमाड़ मल्लखंब एंड स्पोर्ट्स एकेडमी के नन्हे खिलाड़ियों ने राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के समक्ष मल्लखंब का शानदार प्रदर्शन किया।
बच्चों ने लकड़ी के खंभे पर संतुलन, फुर्ती और कठिन करतब दिखाए। राष्ट्रपति ने बच्चों की प्रशंसा की और ताली बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया।
अबूझमाड़ के इस छोटे दल ने पहले ही ‘इंडियाज गॉट टैलेंट’ में खिताब और ‘रोमानियाज गॉट टैलेंट’ में उपविजेता का खिताब जीता है। बच्चों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अनेक स्वर्ण और रजत पदक भी जीते हैं।
एकेडमी के संस्थापक मनोज प्रसाद ने बच्चों को प्रशिक्षित किया है। उन्होंने बताया कि कठिन भौगोलिक और संसाधन सीमाओं के बावजूद बच्चों ने अपनी प्रतिभा साबित की।
अगला लक्ष्य अमेरिका और ब्रिटेन के प्रतिष्ठित गॉट टैलेंट शो में भारत और अबूझमाड़ की लोक-कला का प्रदर्शन करना है।
जगदलपुर में यह ऐतिहासिक प्रदर्शन अबूझमाड़ और बस्तर क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गया है।




