May 13, 2026

अबूझमाड़ में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, 1 करोड़ कैश समेत हथियारों का जखीरा बरामद

नारायणपुर। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर पर स्थित अबूझमाड़ के जंगलों में मंगलवार को सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली। संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सल डंप से 1 करोड़ 1 लाख 64 हजार रुपये नकद, ऑटोमैटिक हथियार, देशी बीजीएल रॉकेट लॉन्चर और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। यह कार्रवाई जिला पुलिस, डीआरजी, आईटीबीपी और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने की।

जानकारी के अनुसार, जवानों की टीम ने अबूझमाड़ क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। तलाशी के दौरान जंगल में छिपाकर रखा गया नक्सल डंप मिला, जहां से बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और अन्य सामग्री बरामद की गई।

नक्सल डंप से क्या-क्या मिला

सुरक्षाबलों ने मौके से AK-47, SLR, इंसास और 303 रायफल सहित कई हथियार जब्त किए। इसके अलावा बड़ी मात्रा में कारतूस, बीजीएल सेल, इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, कॉर्डेक्स वायर, नक्सली वर्दी, बैटरी और संचार उपकरण भी बरामद हुए।

बरामद सामग्री में तीन AK-47 रायफल, तीन SLR रायफल, दो 303 रायफल और एक 315 बोर रायफल शामिल हैं। साथ ही AK-47 के 113 जिंदा कारतूस, SLR के 182 कारतूस, 132 बीजीएल सेल, 8 इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर और करीब 8 किलो विस्फोटक पाउडर भी जब्त किया गया।

एक महीने में लगातार मिल रहे हथियार

सुरक्षाबलों की लगातार कार्रवाई के चलते बीते एक महीने में अबूझमाड़ के जंगलों से बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार, नक्सल नेटवर्क को कमजोर करने के लिए लगातार अभियान जारी है।

नारायणपुर एसपी Robinson Gudiya ने बताया कि वर्ष 2025-26 में अब तक कुल 270 हथियार बरामद किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास की दिशा में बड़ी उपलब्धि है।