अबूझमाड़। नक्सल प्रभावित अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। आदिंगपार–कुमेरादी इलाके के जंगल से सुरक्षा बलों ने 82 नग बीजीएल (बैरेल ग्रेनेड लॉन्चर) सेल बरामद किए हैं। इससे क्षेत्र में किसी बड़ी नक्सली साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया है।
💣 सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की थी तैयारी
जानकारी के अनुसार, बरामद बीजीएल सेल नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों के खिलाफ इस्तेमाल करने के उद्देश्य से जंगल में छिपाकर रखे गए थे। अभियान के दौरान सर्चिंग टीम को संदिग्ध स्थान पर छुपाए गए ये विस्फोटक सामग्री मिली।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यदि समय रहते बरामदगी नहीं होती तो किसी बड़ी घटना को अंजाम दिया जा सकता था।
🚔 बड़ी अनहोनी टली
सुरक्षा बलों की सतर्कता से क्षेत्र में बड़ी अनहोनी टल गई है। इस कार्रवाई के बाद बलों ने स्पष्ट किया है कि नक्सल प्रभावित इलाकों में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान लगातार और तेज किया जाएगा।
🔍 सर्च ऑपरेशन जारी
बरामदगी के बाद पूरे इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। नक्सलियों की मौजूदगी और उनके मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है। सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में दबाव और बढ़ा दिया है।





