May 18, 2026

अबुझमाड़िया युवाओं ने देखा विधानसभा का कामकाज, रायपुर में पहली बार लोकतंत्र से हुए रूबरू

रायपुर: नारायणपुर जिले के सुदूर और पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से आए अबुझमाड़िया युवाओं ने आज नया रायपुर स्थित विधानसभा में सदन की कार्यवाही का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण केंद्र में पहुंचकर युवाओं ने विधायी प्रक्रिया, जनप्रतिनिधियों की भूमिका और शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली को करीब से समझा।

इस दौरान विजय शर्मा और केदार कश्यप ने युवाओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया।

147 युवाओं ने लिया हिस्सा, कई पहली बार पहुंचे रायपुर
यह भ्रमण स्वामी विवेकानंद युवा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया। इसमें नारायणपुर के कुतुल, ओरछा, कलमानार, झारावाही, कोडकानार, मुरेहनार, गुमियाबेड़ा, मुरहानार और नेडनार जैसे अति संवेदनशील क्षेत्रों से आए लगभग 147 युवा शामिल हुए।

इनमें से अधिकांश युवाओं ने पहली बार रायपुर शहर का दौरा किया, जो उनके लिए एक नया और प्रेरणादायक अनुभव रहा।

विधानसभा में देखा प्रश्नकाल और निर्णय प्रक्रिया
युवाओं ने विधानसभा में प्रश्नकाल, चर्चा और निर्णय लेने की प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से देखा। उन्हें विधायी कार्यप्रणाली और जनहित में लिए जाने वाले निर्णयों की विस्तृत जानकारी भी दी गई, जिससे लोकतंत्र के प्रति उनकी समझ और जागरूकता बढ़ी।

युवाओं को मिला मार्गदर्शन
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में युवाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने शिक्षा, जागरूकता और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

उन्होंने युवाओं को स्व-सहायता समूहों और सहकारी समितियों से जुड़कर लघु वनोपज के प्रसंस्करण के जरिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

वहीं, वन मंत्री केदार कश्यप ने भी युवाओं से उनके क्षेत्र के विकास और सुविधाओं को लेकर चर्चा की।

युवाओं ने इस भ्रमण को अपने जीवन का एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक अनुभव बताते हुए कहा कि इससे उन्हें नई दिशा और सोच मिली है।