रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ अनुविभाग अंतर्गत छाल तहसील कार्यालय में Anti Corruption Bureau ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वत लेते एक लिपिक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी किसान से खसरा के बी-1 में त्रुटि सुधार करने के एवज में 60 हजार रुपए की मांग कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, ग्राम धसकामुड़ा निवासी किसान Bhanupratap Patel से बी-1 रिकॉर्ड में सुधार करने के नाम पर रिश्वत मांगी गई थी। मामले की शिकायत एसीबी से की गई, जिसके बाद टीम ने जांच शुरू की।
योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई करते हुए एसीबी ने आरोपी Tularam Patel को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी मूल रूप से शिक्षक पद पर कार्यरत है और वर्तमान में छाल तहसील कार्यालय में लिपिक के रूप में अटैच था।
एसीबी अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आवश्यक दस्तावेज और साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल टीम पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।





