कोरबा/रायगढ़। छत्तीसगढ़ में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की लगातार कार्रवाई से रिश्वतखोर अधिकारियों-कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है। शुक्रवार को कोरबा और रायगढ़ जिले में दो अलग-अलग ट्रैप कार्रवाई करते हुए एसीबी ने रिश्वत लेते दो कर्मचारियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। दोनों मामलों में शिकायत मिलने के बाद योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की गई।
कोरबा जिले के तुमान में आयोजित सुशासन तिहार समाधान शिविर के दौरान बिलासपुर ACB की टीम ने सहायक ग्रेड-2 कर्मचारी प्रदीप मिश्रा को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। जानकारी के मुताबिक, सेवानिवृत्त शिक्षक अमृतलाल बघेल से काम कराने के एवज में आरोपी ने घूस की मांग की थी। शिकायत के बाद ACB ने डीएसपी अजीत सिंह के नेतृत्व में जाल बिछाया और समाधान शिविर में ही दबिश देकर आरोपी को रकम सहित गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद शिविर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
वहीं रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ अनुविभाग अंतर्गत छाल तहसीलदार कार्यालय में भी ACB ने बड़ी कार्रवाई की। यहां ग्राम धसकामुड़ा निवासी किसान भानुप्रताप पटेल से खसरा के बी-1 में त्रुटि सुधार के नाम पर 60 हजार रुपये रिश्वत मांगी गई थी। शिकायत के बाद एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी तुलाराम पटेल को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी शिक्षक पद पर कार्यरत है और छाल तहसील कार्यालय में लिपिक के रूप में अटैच था।
एसीबी अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से सरकारी दफ्तरों में हड़कंप की स्थिति है।





