September 4, 2026

जांजगीर-चांपा में ACB की बड़ी कार्रवाई: 10 हजार की रिश्वत लेते प्राचार्य और लिपिक गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक प्राचार्य और एक लिपिक को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंजुलता सोनी (प्राचार्य) और विकास मसीह (लिपिक) के रूप में हुई है।

पूरा मामला शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किरारी का है। जानकारी के मुताबिक दोनों आरोपियों ने अपने ही स्कूल के बाबू मनीष राठौर से वेतन वृद्धि का करीब 80 हजार रुपए का एरियर निकालने के एवज में 10 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी।

शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने मामले की जांच की और रिश्वतखोरी पकड़ने के लिए जाल बिछाया। तय योजना के तहत जैसे ही आरोपियों ने रिश्वत की रकम ली, ACB की टीम ने दोनों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

इस कार्रवाई के लिए ACB की 13 अधिकारियों की विशेष टीम मौके पर मौजूद रही। टीम द्वारा आरोपियों से पूछताछ करने के साथ ही मामले से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

ACB की इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। ACB बिलासपुर की यह लगातार 56वीं ट्रैप कार्रवाई बताई जा रही है।