मुंगेली। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में एसीबी बिलासपुर की टीम ने मुंगेली जिले के अचानकमार टाइगर रिजर्व के सुरही रेंज में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए रेंजर और डिप्टी रेंजर को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, सुरही रेंज में पदस्थ रेंजर पल्लव नायक और डिप्टी रेंजर मनीष श्रीवास्तव ने एक प्रकरण में चालान जल्द पेश करने और जब्त वाहन को छोड़ने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। इस संबंध में लोरमी निवासी अजीत कुमार वैष्णव ने एसीबी से शिकायत की थी।
बताया गया कि दिसंबर 2025 में अजीत कुमार अपने साथियों के साथ सुरही रेंज गया था, जहां सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए उसका वाहन जब्त कर लिया था। इसके बाद चालान पेश करने और वाहन छोड़ने के नाम पर आरोपियों ने लाखों रुपये की मांग की, जिसे बाद में 70 हजार रुपये पर तय किया गया।
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने जाल बिछाया। 26 मार्च 2026 को प्रार्थी को कोटा स्थित एक रेस्टोरेंट में भेजा गया, जहां उसने डिप्टी रेंजर को 50 हजार रुपये की पहली किश्त दी। जैसे ही आरोपी ने रकम ली, एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान रेंजर पल्लव नायक की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद उन्हें भी हिरासत में लिया गया। एसीबी ने आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि पिछले दो वर्षों में यह 45वीं ट्रैप कार्रवाई है। विभाग ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी सरकारी कर्मचारी द्वारा रिश्वत की मांग किए जाने पर तुरंत शिकायत करें, ताकि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा सके।





