July 23, 2026

धमतरी में खाद की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई, 120 बोरी यूरिया जब्त, एक लाइसेंस निरस्त

धमतरी। खरीफ सीजन के दौरान खाद की कालाबाजारी और जमाखोरी पर धमतरी जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। छापेमार निरीक्षण के दौरान 120 बोरी यूरिया जब्त की गई। वहीं एक उर्वरक विक्रेता का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया, जबकि कई कृषि केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

कृषि विभाग के संचालक राहुल देव के निर्देशन और कलेक्टर के मार्गदर्शन में जिलेभर के उर्वरक विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया गया। 2 जुलाई को धमतरी, कुरूद और मगरलोड विकासखंड में हुई जांच के दौरान भानपुरी स्थित वर्षा कृषि केन्द्र में 120 बोरी यूरिया का अवैध भंडारण मिला। उर्वरक निरीक्षक ने पूरा स्टॉक जब्त कर उसकी बिक्री पर तत्काल रोक लगा दी। मामले की जानकारी कलेक्टर को भेज दी गई है और उर्वरक नियंत्रण आदेश तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

जांच के दौरान ग्राम दर्री स्थित अशोक ट्रेडर्स का उर्वरक लाइसेंस भी तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया। विभाग के अनुसार लाइसेंस होने के बावजूद पिछले दो वर्षों से प्रतिष्ठान में उर्वरक व्यवसाय का संचालन नहीं किया जा रहा था, जो नियमों का उल्लंघन है।

इसके अलावा हनुमान कृषि केन्द्र (खरेंगा), उपकार ट्रेडर्स (कण्डेल), पवन ट्रेडर्स (कण्डेल) और अंजनेय कृषि केन्द्र (झिरिया) में विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।