January 16, 2026

सक्ती में अवैध धान कारोबार पर प्रशासन का शिकंजा, 1450 कट्टा धान जब्त, कारोबारियों में हड़कंप

सक्ती। धान खरीदी के बीच अवैध धान परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए सक्ती जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देश पर जिलेभर में लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में डभरा, सक्ती और जैजैपुर क्षेत्रों में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 1450 कट्टा अवैध धान जब्त किया है। इस कार्रवाई से धान कारोबारियों और बिचौलियों में हड़कंप मच गया है।

डभरा में देर रात पांच ट्रैक्टर पकड़े

डभरा में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) विनय कश्यप के नेतृत्व में 10 जनवरी की रात करीब 2 बजे देवरघटा से धुरकोट मार्ग पर कार्रवाई की गई। इस दौरान पांच ट्रैक्टरों में अवैध रूप से धान का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। जांच में प्रत्येक ट्रैक्टर में लगभग 150-150 कट्टा धान लोड पाया गया। वाहन चालकों द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर धान सहित ट्रैक्टर जब्त कर चौकी फगुरम में सुरक्षार्थ रखा गया। प्रकरण में पंचनामा तैयार कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

सक्ती और जैजैपुर में भी बड़ी कार्रवाई

सक्ती में एसडीएम अरुण कुमार सोम के नेतृत्व में राजस्व एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम पोरथा निवासी मुकेश राठौर से लगभग 400 बोरी (करीब 150 क्विंटल) धान जब्त किया।

वहीं जैजैपुर में 11 जनवरी की सुबह एक ट्रैक्टर और एक मासदा वाहन से 300 बोरी धान अवैध रूप से परिवहन करते हुए पकड़ा गया। दोनों वाहनों में लोड धान के संबंध में कोई अनुमति पत्र, मंडी रसीद या टोकन प्रस्तुत नहीं किया गया, जिसके बाद धान सहित वाहन जब्त कर चौकी जैजैपुर में रखा गया है।

अभियान रहेगा जारी

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की अवधि के दौरान अवैध परिवहन और भंडारण पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि इस तरह की कार्रवाइयां आगे भी निरंतर जारी रहेंगी, ताकि धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनी रहे।