July 23, 2026

कोरिया में सड़े-गले फलों पर बड़ी कार्रवाई, तीन दिन में भारी मात्रा में फल जब्त कर नष्ट

बैकुंठपुर/कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने आम जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले फल विक्रेताओं के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। 27 मई से 29 मई तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाकर भारी मात्रा में सड़े-गले फल जब्त कर नष्ट किए गए। साथ ही दुकानदारों को स्वच्छता और गुणवत्ता बनाए रखने की सख्त हिदायत दी गई।

अभिहित अधिकारी नीलम ठाकुर ने बताया कि खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के नियंत्रक दीपक अग्रवाल के निर्देश और कलेक्टर रोक्तिमा यादव के मार्गदर्शन में अभियान चलाया गया। 27 मई को जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में 6 फल दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में खराब फल मिले, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। इनमें 22 किलो आम, 4 किलो सेब, 14 दर्जन केले, 1 किलो संतरा और 500 ग्राम अनार शामिल थे।

दूसरे दिन 28 मई को टीम पटना पहुंची, जहां 9 फल दुकानों की जांच की गई। दुकानदारों को सड़े और खराब फल नहीं बेचने तथा दुकानों में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

तीसरे दिन 29 मई को जिला मुख्यालय में फिर से कार्रवाई की गई। टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों की 5 फल दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 77 किलो से अधिक फल और केले नष्ट कराए गए। इनमें 65 किलो तरबूज, 12 किलो आम, 1 किलो सेब, 2 दर्जन केले, 1 किलो अंगूर और 1 किलो चुकंदर शामिल है।

अभिहित अधिकारी नीलम ठाकुर ने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य से समझौता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि गर्मी के मौसम में सड़े-गले और हानिकारक रसायनों से पकाए गए फल बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने सभी फल विक्रेताओं को स्वच्छता बनाए रखने और गुणवत्तापूर्ण फल बेचने के निर्देश दिए हैं।

इस कार्रवाई में नमूना सहायक प्रमोद पैकरा और निधि जायसवाल की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।